Durg. दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नशे में धुत तीन युवक कार समेत तालाब में जा गिरे। हादसे के बाद तीनों युवकों ने किसी तरह कार का गेट खोलकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाहर निकलते ही उनमें से एक युवक पैसे गिनता नजर आया। घटना का वीडियो और चर्चा इलाके में तेजी से फैल रही है। मामला दुर्ग के चिखली स्थित इंदिरा नगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, तीन युवक कार में सवार होकर जा रहे थे।
करीबी चौक के पहले तालाब के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सीधे पानी में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में बैठे तीनों युवक नशे की हालत में थे। अचानक कार तालाब में गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और बचाव का प्रयास शुरू किया। कार के पानी में गिरने के बाद तीनों युवकों ने अंदर से गेट खोलकर बाहर निकलने में सफलता हासिल की। गनीमत रही कि हादसे में तीनों की जान बच गई।
हादसे में बकरी की मौत बच्ची बाल-बाल बची
बताया जा रहा है कि कार तालाब में गिरने से पहले सड़क किनारे एक बकरी को भी टक्कर लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पास में मौजूद एक बच्ची भी बाल-बाल बच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार की दिशा थोड़ी अलग होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस हादसे का सबसे चर्चा वाला पहलू यह रहा कि कार से बाहर निकलने के बाद भी एक युवक को अपनी जान की चिंता से ज्यादा पैसों की चिंता दिखाई दी। बताया जा रहा है कि बाहर आने के बाद वह युवक अपने पैसे गिनता नजर आया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। लोग इसे नशे में वाहन चलाने का खतरनाक परिणाम बता रहे हैं।
पुलिस ने तीनों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों युवकों को अपनी हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय युवक किस स्थिति में थे और वाहन कौन चला रहा था। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर लापरवाही है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर नशे में ड्राइविंग के खतरे को सामने ला दिया है। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।