RRB ऑनलाइन परीक्षा में मोबाइल से नकल करते अभ्यर्थी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-16 10:47 GMT
Raipur. रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले एक अभ्यर्थी को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना डीडी नगर पुलिस ने परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन के जरिए प्रश्नों की फोटो खींचकर नकल करने के मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और परीक्षा प्रवेश पत्र जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को थाना डीडी नगर क्षेत्र के आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की गई थी। परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। कक्ष निरीक्षक ने उसकी निगरानी शुरू की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी ने परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन छिपाकर प्रवेश किया था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। सीसीटीवी फुटेज की जांच और पूछताछ में आरोपी की करतूत सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच से बचकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया जा सके। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन से प्रश्नों की फोटो ली गई थी। जब्त मोबाइल की जांच करने पर उसमें परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के फोटो मिले, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाते पाए गए।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता की रिपोर्ट के आधार पर थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अफताब पिता गुलाम मोहम्मद, उम्र 28 वर्ष, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति की मदद से परीक्षा में नकल करने की योजना बनाई थी या नहीं।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जब्त सामग्री:
सैमसंग मोबाइल फोन
आधार कार्ड
परीक्षा प्रवेश पत्र
Tags:    

Similar News