कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का कसडोल में हुआ आत्मीय स्वागत, जताया आभार
छग
Kasdol. कसडोल। छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री का दायित्व प्राप्त करने के बाद मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का कसडोल आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। गिरौदपुरी धाम प्रवास के दौरान कसडोल पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय अभिनंदन कर स्वागत किया। मंत्री खुशवंत साहेब का स्वागत फूल-मालाओं, शाल-श्रीफल और जयघोष के साथ किया गया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि उन्हें जो दायित्व प्राप्त हुआ है, वह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा— “आप सभी के स्नेह, सहयोग और शुभकामनाओं के लिए मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूं। यह जिम्मेदारी मुझे आप सबके विश्वास और आत्मीयता से मिली है। हम सब मिलकर स्वर्णिम छत्तीसगढ़ के निर्माण हेतु संकल्पित होकर आगे बढ़ेंगे।”
कसडोल में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंच से वक्ताओं ने मंत्री साहेब के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया और उनके नेतृत्व में कसडोल सहित पूरे प्रदेश में विकास की नई दिशा मिलने की आशा जताई। स्थानीय नागरिकों ने भी मंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता और युवा नेता उपस्थित रहे। लोगों ने कहा कि मंत्री खुशवंत साहेब हमेशा जनता के बीच सक्रिय रहते हैं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने के लिए प्रयासरत रहते हैं। मंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कसडोल और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कसडोल में हुआ यह आत्मीय स्वागत मंत्री साहेब के प्रति जनता और कार्यकर्ताओं के गहरे जुड़ाव का प्रतीक रहा। उन्होंने अंत में सभी से आग्रह किया कि समाज और प्रदेश के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करें।