जांजगीर-चांपा। जिले की बिर्रा पुलिस ने 2 लाख 21 हजार रुपये की फर्जी चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश भारद्वाज ने रुपये घर में छिपाने के बाद पुलिस में चोरी की रिपोर्ट लिखा दी और पुलिस को झूठी कहानी भी सुना दी।
ग्राम बनडभरा निवासी नरेश भारद्वाज ने 9 मई को बिर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया, खेत बेचने से उसे 2.21 लाख रुपये मिले थे, जिसे चोरों ने घर की अलमारी से चुरा लिया है। नरेश के अनुसार, रात में वह आंगन में सो रहा था, तब चोर रात अलमारी उठाकर घर से दूर ले गए और नकदी चुरा ली। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस टीम को नरेश भारद्वाज के बयानों और परिस्थितियों में विरोधाभास दिखा, जिससे उन्हें शक हुआ।
कड़ाई से पुलिस ने जब पूछताछ शुरू की तब नरेश भारद्वाज ने चोरी की झूठी कहानी गढ़ने की बात बताई। उसने बताया, गांव के कुछ लोगों से लिए गए उधार को चुकाने से बचने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी।
नरेश ने खुद ही अलमारी को तोड़-फोड़ कर घर से दूर फेंक दिया था और पूरी रकम अपने घर की छत पर छिपा दी थी। ताकि पूरा मामला चोरी जैसा ही लगे और उसे देनदारों को पैसे भी ना देने पड़े। पुलिस ने परिजनों और गवाहों की उपस्थिति में छिपाई गई पूरी रकम बरामद कर ली। रुपये आवेदक नरेश भारद्वाज को सुपुर्द कर दिया है।