कोडार डेम में मिला स्काउट-गाइड जिला उपाध्यक्ष का शव, जांच में जुटी पुलिस

छग

Update: 2026-04-03 14:58 GMT
Mahasamund. महासमुंद। जिले के कोडार डेम में स्काउट-गाइड संगठन के जिला उपाध्यक्ष जय पवार (35) का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, जय पवार शुक्रवार सुबह अपनी स्कूटी से ग्राम भोरिंग के लिए निकले थे। निकलने से पहले सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने अपने कुछ दोस्तों से मुलाकात की थी। इसके बाद वे भोरिंग में चल रहे एक निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे और वहां मौजूद मजदूरों से बातचीत भी की।

दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोडार डेम में एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही तुमगांव थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की सहायता से शव को बाहर निकाला गया। बाद में उसकी पहचान जय पवार के रूप में की गई। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। पुलिस ने मौके पर प्रारंभिक जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल तुमगांव भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जय पवार डेम तक कैसे पहुंचे और घटना के समय उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। साथ ही उनके मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्काउट-गाइड संगठन से जुड़े लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।
Tags:    

Similar News