17 वर्षीय किशोरी का पेड़ से लटका मिला शव, दुष्कर्म की आशंका

छग

Update: 2026-08-01 17:08 GMT
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक 17 वर्षीय विशेष संरक्षित जनजाति की किशोरी का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना बगीचा थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। शुक्रवार 31 जुलाई को किशोरी का शव गांव के पास सरई के पेड़ से लटका मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, किशोरी गुरुवार रात गांव में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने गई थी। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान उसे आखिरी बार एक युवक के साथ देखा गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के पास सरई के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले में दुष्कर्म की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी दिलीप कोसले, बगीचा थाना प्रभारी गौरव पांडे, पंडरापाठ चौकी प्रभारी एसके सोनवानी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सकेगी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने मामले को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले में किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं की जा रही है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। किशोरी की मौत आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है, यह जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। विशेष संरक्षित जनजाति से जुड़ी किशोरी की इस संदिग्ध मौत ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों और परिजनों को पुलिस जांच से न्याय की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से भी मामले पर नजर रखी जा रही है और जांच प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
Tags:    

Similar News