Lormi. लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के कोदवाबानी गांव में शुक्रवार को खेत के पास पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय शिवकुमार उर्फ पवन के रूप में हुई है। घटना लालपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच आत्महत्या के साथ-साथ अन्य एंगल से भी कर रही है।

किसानों ने देखी पेड़ पर लटकी लाश
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ किसान खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत के पास स्थित पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

फटे कपड़े और हाथ की पट्टी से बढ़ा संदेह
घटनास्थल पर मृतक के फटे हुए कपड़े और हाथ पर बंधी पट्टी मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक किन परिस्थितियों में पेड़ तक पहुंचा और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था।

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ
पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह
जानकारी जुटाई
जा रही है कि शिवकुमार किसी तनाव में था या किसी विवाद से परेशान चल रहा था। पुलिस पारिवारिक विवाद, व्यक्तिगत कारण और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आत्महत्या की संभावना के साथ हत्या के एंगल को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और लोगों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
Tags: