मॉर्निंग वॉक के दौरान भाजपा नेताओं पर हमला, आरोपी अकरम ने दी जान से मारने की धमकी
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के शांत शंकर नगर क्षेत्र में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भाजपा के शंकर नगर मंडल के सोशल मीडिया सह प्रभारी शिबू जाल और एससी मोर्चा के मंत्री अनुकूल बाग के साथ एक बेहद निंदनीय और अप्रत्याशित घटना घटित हो गई। दोनों नेता प्रतिदिन की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन यह दिन उनके लिए एक खौफनाक अनुभव में तब्दील हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिबू जाल और अनुकूल बाग आज सुबह अपने निजी वाहन से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। वॉक के दौरान दोनों नेता पंडरी स्थित पुराने बस स्टैंड यातायात थाना के सामने एक अकरम नामक युवक के पोहे के ठेले पर रुके और वहीं नाश्ते के लिए पोहा खाया। पोहा खाने के बाद जब उनके पास तत्काल 20 रुपये नहीं थे, तो उन्होंने अकरम से यह बात कही कि वह 20 रुपये बाद में चुका देंगे। इस मामूली सी बात को अकरम ने गंभीरता से ले लिया और विवाद करने लगा।
विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और अकरम ने दोनों भाजपा नेताओं के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, अकरम ने उनके मोबाइल फोन और गाड़ी को जबरदस्ती अपने कब्जे में ले लिया। यह घटना अचानक हुई और राहगीरों तथा स्थानीय दुकानदारों में भी भय का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी जैसे ही दोनों नेताओं के परिजनों को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। लेकिन वहां पहुंचने पर स्थिति और भी बिगड़ गई जब अकरम और उसके सहयोगियों ने परिजनों को भी जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर इस मामले में पुलिस में शिकायत की गई, तो अंजाम बुरा होगा। इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया और क्षेत्रीय नेताओं ने इस मामले को गंभीरता से लिया। घटना की जानकारी देवेंद्र नगर थाना पुलिस को दी गई, जहां शिकायत दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जताई चिंता
घटना की खबर मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित शिबू जाल और अनुकूल बाग से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। भाजपा नेताओं ने इसे न केवल व्यक्तिगत हमला बताया, बल्कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को डराने की एक सुनियोजित साजिश करार दिया। भाजपा शंकर नगर मंडल की ओर से यह मांग की गई है कि अकरम और उसके सहयोगियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को इस तरह की घटनाओं से नहीं गिराया जा सकता। भाजपा मंडल ने अपने बयान में देवतुल्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, योग आयोग सदस्यों एवं सभी समाजसेवियों से अपील की है कि वे पीड़ितों और उनके परिवारों से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाएं, उन्हें इस कठिन घड़ी में संबल दें और यह संदेश दें कि भाजपा कार्यकर्ता अकेले नहीं हैं।
पुलिस जांच प्रारंभ, आरोपी की तलाश जारी
देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अकरम और उसके साथियों की तलाश की जा रही है, और शीघ्र ही उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान भी लिए जा रहे हैं। यह घटना न केवल एक आपराधिक कृत्य है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला भी मानी जा रही है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के कठघरे में लाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने दे।