Korba कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ठाकुर रवेला स्थित एक फार्म हाउस में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने फार्म हाउस का ताला तोड़कर टीवी, फ्रिज, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सामान के साथ जर्मन शेफर्ड नस्ल के छह पप्पी भी चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रानी रोड कोरबा निवासी 25 वर्षीय अक्षत शर्मा का ठाकुर रवेला में फार्म हाउस है। सुबह ग्रामीण रवि कुमार राठिया ने अक्षत को सूचना दी कि कुछ लोग उनके फार्म हाउस से सामान चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अक्षत मौके पर पहुंचे।
फार्म हाउस पहुंचने पर मुख्य ताला टूटा मिला और अंदर रखा काफी सामान गायब था। अक्षत शर्मा के मुताबिक चोर जर्मन शेफर्ड नस्ल के छह पप्पी, सीसीटीवी कैमरा, टीवी, फ्रिज, मशीन, कंबल, पलंग, खाना बनाने के बर्तन और विभिन्न औजार अपने साथ ले गए।
इसके अलावा करीब ढाई किलोमीटर केबल वायर और अन्य छोटे कीमती सामान भी चोरी होने की जानकारी दी गई है। पीड़ित के अनुसार इससे पहले भी उनके फार्म हाउस से जर्मन शेफर्ड के पप्पी चोरी हो चुके हैं। घटना के बाद अक्षत शर्मा ने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। चोरी हुए सामान और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
Tags: