तरपोंगी टोल प्लाजा पर ट्रक चालकों से वसूली की कोशिश, चाय पीते समय चाकू से हमला

छग

Update: 2025-12-28 13:39 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे तरपोंगी टोल प्लाजा क्षेत्र में देर रात ट्रक चालकों से जबरन पैसे वसूलने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में दो ट्रक चालक घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से धरसीवा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित चालकों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित चालक ग्राम फुलवरिया, थाना केन्ट, जिला बनारत (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

वह कक्षा 10वीं तक शिक्षित है और ड्राइविंग कर अपना जीवन यापन करता है। उसने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को वह ट्रक क्रमांक MP 04 YN 4730 में भोपाल से बच्चों का डायपर लोड कर भुवनेश्वर, ओडिशा के लिए निकला था। 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 3.30 बजे वह तरपोंगी टोल प्लाजा के पास एक चाय दुकान पर चाय पीने के लिए रुका था। इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और उससे 200 रुपये की मांग करने लगे। जब चालक ने पैसे देने से इंकार किया और पूछा कि किस बात के पैसे मांग रहे हो, तो युवक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि एक युवक ने मां-बहन की गालियां देते हुए हाथ में रखी नुकीली वस्तु से चालक के बाएं जांघ के ऊपर वार कर दिया, जिससे पैर से खून बहने लगा। अचानक हुए हमले से चालक घबरा गया और वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी दौरान एक अन्य ट्रक चालक मनोज कोडावले अपनी ट्रक लेकर उसी चाय दुकान पर चाय पीने पहुंचा। आरोपियों ने उससे भी 200 रुपये की मांग की। मनोज द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। बताया गया कि दो से तीन अज्ञात युवकों ने मनोज को हाथ-मुक्कों से पीटा, वहीं एक युवक ने नुकीली धारदार वस्तु से उसके दाहिने हाथ की भुजा के पास वार कर दिया, जिससे खून बहने लगा। घटना के कुछ देर बाद उसी कंपनी के अन्य ट्रक चालक आशिफ खान और सूरज सिंह मौके पर पहुंचे। घायल चालकों ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, जिसके माध्यम से दोनों घायलों को रात में ही धरसीवा सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घटना के बाद पीड़ित चालकों ने पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि रिपोर्ट उन्हें पढ़कर सुनाई गई और उनके बताए अनुसार ही दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद ट्रक चालकों में भारी आक्रोश है। चालकों का कहना है कि टोल प्लाजा और हाईवे किनारे इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जहां असामाजिक तत्व जबरन वसूली और मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाईवे और टोल प्लाजा क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
Tags:    

Similar News