रायपुर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग का प्रयास, आरोपी तत्काल गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-20 17:12 GMT
Raipur. रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ चेन स्नैचिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कृतिका यदु, निवासी बैरन बाजार रायपुर, अपने घर से पैदल जिम जा रही थी। इसी दौरान एसबीआई बैंक रीजनल कार्यालय के पास एक युवक विपरीत दिशा से आया और अचानक उनके गले में पहनी सोने की चेन को झपटने का प्रयास किया। घटना के बाद युवती ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए। आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था।


लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। मामले की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 286/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेहान साहू पिता अजय साहू, निवासी गोलबाजार रायपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपी से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
Tags:    

Similar News