बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में अनुराग बाजपेयी बने अध्यक्ष

छग

Update: 2026-07-26 17:55 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव में अधिवक्ता अनुराग बाजपेयी ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना पूरी होने के बाद उन्हें 380 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया। चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। निर्वाचित पदाधिकारियों ने न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। जानकारी के अनुसार, जिला अधिवक्ता संघ बिलासपुर के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान प्रक्रिया आयोजित की गई थी। चुनाव में कुल 2446 अधिवक्ता मतदाता शामिल थे, जिनमें से 1819 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा 17 मतदाताओं ने शुक्रवार को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया था। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिविल लाइन थाना में जमा कराया गया था। रविवार सुबह प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतपेटियों को मतगणना स्थल पर लाया गया।

इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत वोटों की गिनती शुरू की गई। देर शाम तक सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अधिवक्ता अनुराग बाजपेयी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 380 मतों के बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। चुनाव परिणाम के अनुसार, धनंजय सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं राधा रजक ने उपाध्यक्ष (कनिष्ठ महिला) पद पर जीत दर्ज की। सचिव पद पर विवेक पांडेय ने 179 मतों के अंतर से विजय हासिल की। सह सचिव पद पर शंकर चतुर्वेदानी 183 मतों से निर्वाचित हुए। इसके अलावा ग्रंथालय सचिव पद पर मनोज सिंह ठाकुर ने 96 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर श्वेता शास्त्री ने 270 मतों के अंतर से सफलता हासिल की। दिग्दर्शक, क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव पद पर 289 मतों के अंतर से विजेता घोषित किया गया। कार्यकारिणी के महिला आरक्षित पद के लिए भी मतदान हुआ, जिसमें हेमलता साहू ने 1152 मत प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रतीक्षा सिंह ने 862 मत प्राप्त कर द्वितीय वरीयता में निर्वाचित होने में सफलता प्राप्त की।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। अधिवक्ताओं और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारी और समर्थक बाजा-गाजा के साथ न्यायालय परिसर पहुंचे, जहां स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत के लिए आभार जताया। जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव अधिवक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि संघ के पदाधिकारी अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सुविधाओं और न्यायिक व्यवस्था से संबंधित मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर निर्वाचित हुए पदाधिकारियों के सामने अब अधिवक्ता हितों को लेकर काम करने की जिम्मेदारी होगी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ता समुदाय के हितों के लिए कार्य करने और संघ को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
Tags:    

Similar News