अवैध महुआ शराब फैक्ट्री का खुलासा, 150 लीटर शराब और बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

छग

Update: 2026-01-13 18:57 GMT
Korea. कोरिया। कोरिया आबकारी अमले ने फुलपुर गांव के जंगल में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मंगलवार को की गई कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में महुआ शराब बनाने का सामान और 150 लीटर तैयार महुआ शराब जब्त की गई। यह फैक्ट्री चरचा थाना क्षेत्र के फूलपुर ग्राम पंचायत में स्थित थी। जानकारी के अनुसार, इस अवैध शराब तस्करी में प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक महुआ शराब बनाई और आसपास के इलाकों में सप्लाई की जा रही थी।

जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल ने बताया कि सूचना के अनुसार मुख्य आरोपी राकेश उरांव बड़े पैमाने पर अवैध शराब सप्लाई कर रहा था। आबकारी अमले ने तत्काल फुलपुर में दबिश दी। टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी ने जंगल के बीच मकान में शराब बनाने का उद्योग स्थापित किया है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि मकान में अवैध डिस्टलरी संचालित थी। मकान के अंदर लगभग 10 मीटर लंबी कोयले से जलती भट्टी में एक कतार में दर्जनों मटके रखे गए थे। इसके अलावा कई ड्रमों में लाहन भरा हुआ था और भारी मात्रा में गुड़ की पेटियां शराब बनाने के लिए मौजूद थीं। अनुमान लगाया गया कि यहां प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक महुआ शराब बनाई जाती थी।

हालांकि मुख्य आरोपी राकेश उरांव मौके पर नहीं मिला, लेकिन टीम ने कार्रवाई में 150 लीटर तैयार महुआ शराब, 3200 किलो लाहन, 8 चढ़ी भट्टियां और भरी संख्या में शराब बनाने वाले बर्तन जब्त किए। आबकारी अमले ने राकेश उरांव की पत्नी रामवती और सहयोगी अरविंद तथा अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59 क के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि राकेश उरांव प्रतिदिन शराब बनाकर पाउच में पैक करता और चरचा एवं आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इसके अलावा इस इलाके में बड़ी संख्या में कालरी श्रमिक रहते हैं, जिन्हें भी अवैध शराब उपलब्ध कराई जाती थी।

कोरिया जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल ने कहा कि अवैध शराब के उत्पादन और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत आबकारी विभाग को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में शराब तस्करी के खिलाफ एक सख्त संदेश है। उन्होंने कहा कि विभाग समय-समय पर ऐसे छापामार अभियान चलाता रहेगा ताकि अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह समाप्त किया जा सके। उन्होंने स्थानीय लोगों को भी सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए जागरूक रहने की सलाह दी। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोरिया आबकारी विभाग गंभीर है। अधिकारी लोगों को चेतावनी दे रहे हैं कि अवैध शराब से जुड़े सभी अपराधों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags:    

Similar News