श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र के शक में अघोरी की बेरहमी से पिटाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित देवनगर श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने के संदेह में एक अघोरी युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्मशान घाट में युवक को अकेला पाकर स्थानीय कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह मारपीट की। इस हिंसक हमले में अघोरी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोनी थाना पुलिस ने लहूलुहान अवस्था में युवक को संभाला और इलाज के लिए तत्काल सिम्स (CIMS) अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों के खिलाफ नामजद अपराध पंजीकृत कर लिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, देवनगर स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में एक युवक अघोरी वेशभूषा में मौजूद था। श्मशान घाट परिसर में उसकी मौजूदगी और गतिविधियों को देखकर आसपास के कुछ युवकों को उस पर तंत्र-मंत्र और जादू-टोना करने का संदेह हुआ। देखते ही देखते संदेह ने विवाद का रूप ले लिया और वहां मौजूद लोगों ने अघोरी को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने किसी भी बात को सुने बिना उसकी बेदर्दी से पिटाई शुरू कर दी। लात-घूंसों और डंडों से किए गए हमले के कारण अघोरी युवक वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और चीखने-चिल्लाने लगा।
घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की भनक लगते ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई। कोनी थाना पुलिस की टीम ने बिना कोई समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अचेत व गंभीर रूप से घायल अघोरी को अपनी गाड़ी से सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका गहन इलाज चल रहा है। घटना की प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मारपीट में संलिप्त मुख्य तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। इस पूरी वारदात में उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव की प्रत्यक्ष भूमिका सामने आई है।
कोनी थाना पुलिस ने त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (अश्लील कृत्य/गाली-गलौज), धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) एवं धारा 3(5) (सामान्य आशय से मिलकर अपराध करना) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। कोनी थाना प्रभारी ने बताया कि श्मशान घाट में अघोरी की पिटाई के मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों और घायल के बयानों के आधार पर मामले में आगे की सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।