Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को आयोजित होने वाले UHM कार्यक्रम को लेकर रायपुर ग्रामीण ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (PTS) माना रायपुर में आयोजित होगा, जहां डायल 112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। आम नागरिकों, मीडिया कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
एडवाइजरी में बताया गया है कि PTS चौक से प्रवेश करते हुए वाहन PTS SP कार्यालय मार्ग से होकर आगे बढ़ेंगे और प्रशिक्षणार्थी बैरक के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम स्थल के भीतर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल अधिकृत वाहनों को ही विशेष अनुमति दी जाएगी। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
डायल 112 सेवा के नए वाहनों के शुभारंभ को लेकर यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई तकनीक और संसाधनों को शामिल किया जा रहा है। इस मौके पर उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। रायपुर ग्रामीण ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।