Janjgir. जांजगीर। जिले में प्रशासनिक कसावट और कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के तबादले का आदेश जारी किया है। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता के मद्देनजर किया गया है। जारी आदेश के अनुसार शशिभूषण सोनी को तहसीलदार अकलतरा से तहसीलदार बम्हनीडीह पदस्थ किया गया है। वहीं अविनाश चौहान को तहसीलदार बम्हनीडीह से तहसीलदार अकलतरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में शालिनी तिवारी को अतिरिक्त तहसीलदार अकलतरा से अतिरिक्त तहसीलदार नवागढ़ पदस्थ किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत महेंद्र लहरे को तहसीलदार पामगढ़ से तहसीलदार शिवरीनारायण भेजा गया है। टिकेन्द्र नुरूटी को तहसीलदार शिवरीनारायण से तहसीलदार बलौदा पदस्थ किया गया है, जबकि अमरनाथ श्याम को तहसीलदार बलौदा से तहसीलदार पामगढ़ की नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त संजय बरेठ को नायब तहसीलदार शिवरीनारायण से तहसीलदार बम्हनीडीह पदस्थ किया गया है। वहीं चंद्रकुमार साहू को नायब तहसीलदार बम्हनीडीह से नायब तहसीलदार शिवरीनारायण पदस्थ किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। कलेक्टर कार्यालय ने बताया कि यह स्थानांतरण आदेश प्रशासनिक कार्यों में गति, बेहतर समन्वय तथा सुचारु राजस्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के नियमित फेरबदल से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बनी रहती है।