बिलासपुर: बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दुलानी, ढेंका स्थित प्रबल फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण किया। टीम ने मिक्स केक बनाते समय फर्म को गंदे वातावरण में पाया। जिसके बाद उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत यह कार्रवाई की गई।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी आर आर देवांगन ने बताया कि, जांच के दौरान फर्म के पास इस्तेमाल किए जाने वाले पानी की टेस्ट रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेशन नहीं था। जिस स्थान पर मिक्स केक बनाया जा रहा था, वहां का माहौल गंदा था।
फर्श पर नमी थी और प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारक है। फैक्ट्री में अव्यवस्था और गंदगी पाए जाने पर प्रबल फूड प्रोडक्ट का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। संचालक को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई 'खाबो बने, रहिबो बने 2.0' अभियान के तहत की गई। निरीक्षण के दौरान अभिहित अधिकारी आर आर देवांगन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतीक तिवारी मौजूद थे।
Tags: