Bilaspur. बिलासपुर। जिले में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सकरी शराब भट्ठी रोड जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है और इलाके में भय का माहौल पैदा कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेश मरकाम (32 वर्ष), निवासी अटल आवास, सकरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। चाकू को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 493/2026 दर्ज कर भारतीय शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में भय फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी की हरकतों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और लोग शाम के समय उस रास्ते से गुजरने में भी डर महसूस कर रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल तथा आरक्षक रूपेश कौशिक, पवन बंजारे और मनोज बघेल की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर बड़ी घटना को टाल दिया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।