Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी और मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक सहित कुल दो लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक्टिवा और स्नेचिंग किए गए 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के तहत डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन, एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS) के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सरस्वती नगर क्षेत्र में मोबाइल स्नेचिंग की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। वारदात के लिए आरोपियों ने थाना मौदहापारा क्षेत्र से चोरी की गई एक्टिवा वाहन का इस्तेमाल किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इसी वाहन से घूमकर मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे। मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थिया उन्नति ठाकुर निवासी कोटा ने थाना सरस्वती नगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त 2026 की सुबह वह दिशा कॉलेज रोड पर रेयांश किचन के सामने मार्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान ग्रे रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 177/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
इसी तरह चौबे कॉलोनी नार्थ एवेन्यू रोड निवासी युवराज मेहर ने भी शिकायत दर्ज कराई कि 19 अगस्त की सुबह कॉलेज जाते समय उसी क्षेत्र में इसी तरीके से उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया था। पुलिस ने इस मामले में भी अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा वाहन चोरी की है। वाहन मालिक टोको टाकर की एक्टिवा क्रमांक CG 04 KS 6757 को 21 जुलाई 2026 को मेडिकल कॉलेज पार्किंग से चोरी किया गया था। इस संबंध में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 132/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की।
फुटेज के विश्लेषण में पुष्टि हुई कि चोरी की गई एक्टिवा का उपयोग मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं में किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम ने एमजी रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर चोरी की एक्टिवा पर सवार दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक आरोपी की पहचान वरुण साहू पिता राजेंद्र प्रसाद साहू (23 वर्ष), निवासी राम नगर, त्रिमूर्ति चौक, कबीर मेडिकल के पास, थाना गुढ़ियारी रायपुर के रूप में हुई। दूसरा आरोपी विधि के साथ संघर्षरत बालक निकला। पुलिस पूछताछ में दोनों ने एक्टिवा चोरी करने के साथ-साथ उसी वाहन से मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने स्नेचिंग किए गए 5 मोबाइल फोन और चोरी की एक्टिवा बरामद की। इसके अलावा अन्य तीन मोबाइल चोरी की घटनाओं की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी वरुण साहू और विधि के साथ संघर्षरत बालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर पुलिस ने बताया कि अपराधों पर नियंत्रण और चोरी व स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।