सांकेतिक तस्वीर (AI)
Gariaband. गरियाबंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 840 नग नशीली टैबलेट, सिरिंज और कोरेक्स सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओमकार उर्फ़ रिंकु सोनवानी (32 वर्ष), निवासी गोलामाल, देवभोग के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर जिले में नशीली दवाइयों की रोकथाम के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति झरिया बाहरा तिराहा स्थित मेन रोड पर हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG 23 N 5056) पर पीले रंग के थैले में नशीली दवाइयाँ रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम ओमकार उर्फ रिंकु सोनवानी पिता लच्छींदर सोनवानी बताया। आरोपी के पास से तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद की गईं।
जब्त नशीली सामग्री का विवरण
अल्प्राजोलम टैबलेट्स (Beclam 0.5mg) – 50 स्ट्रीप में कुल 750 नग टैबलेट
नाइट्राज़ेपम टैबलेट्स (Nitrosun 10mg) – 09 स्ट्रीप में कुल 90 नग टैबलेट
इम्पूल पेंटाजोसिन इंजेक्शन – 06 नग
कोरेक्स सिरप (100ml) – 01 बोतल
टैबलेट्स व अन्य सामग्रियों का कुल वजन – 185.65 ग्राम
अन्य जप्त सामग्री – एक पुरानी मोटरसाइकिल (30,000 रुपये मूल्य), एक रेडमी मोबाइल (8,000 रुपये मूल्य)
जप्त कुल सामग्रियों की बाजार में अनुमानित कीमत ₹44,702 बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी ओमकार उर्फ रिंकु के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील
गरियाबंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी तरह की नशीली दवाइयों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। नशा मुक्त गरियाबंद के लिए यह सामूहिक जिम्मेदारी है।