Balrampur. बलरामपुर। पहाड़ी कोरवा भइरा (65 वर्ष) की आत्महत्या मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुदामा उर्फ बाबूलाल श्रीवास्तव को ग्राम सहजनवा से पकड़ा गया। भइरा कोरवा ने अपनी पत्नी के नाम दर्ज जमीन को धोखाधड़ी व कूटरचना कर हड़पने और लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण 22 अप्रैल को आत्महत्या कर ली थी। मामले में क्रशर संचालक भाइयों विनोद अग्रवाल उर्फ मघु व प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने 3(5) BNS, 3(2)(5) SC/ST एक्ट और धारा 108 के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन पीड़ित समुदाय का आरोप है कि मुख्य आरोपी पुलिस संरक्षण में हैं।