Raipur. रायपुर। शहर में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आजाद चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 30 जनवरी 2026 को की गई, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाहभाठा स्थित राजा बाड़ा मैदान के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। प्राप्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री संदीप पटेल के निर्देशानुसार थाना आजाद चौक पुलिस की टीम का गठन कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर घेराबंदी की और उसे पकड़ा। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमल जगत बताया।
आरोपी के पास रखी बोरी की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से रखी गई 32 पौवा देशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त नकद राशि 3,500 रुपये भी आरोपी के कब्जे से जप्त की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब और नगदी को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 25/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपी की पहचान कमल जगत पिता राजु जगत, उम्र 25 वर्ष, निवासी अन्नु बाबा होटल के पास, ईदगाहभाठा, थाना आजाद चौक, रायपुर के रूप में की गई है। थाना आजाद चौक पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है।
बल्कि सामाजिक माहौल पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है। इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री, परिवहन या भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध रूप से शराब की बिक्री या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।