Bilaspur. बिलासपुर। जिले के तारबाहर थाना पुलिस ने चाकू से हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से विवाद किया और धारदार हथियार से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी संतोष ध्रुव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने घर के बाहर मौजूद था, तभी मोहल्ले का युवक अनिकेश साहू उर्फ निक्की उर्फ बाला वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी नाराज हो गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए हाथ में रखे चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना की शिकायत मिलने के बाद तारबाहर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की जानकारी पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) को दी गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बिलासपुर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की जानकारी मिली। जब पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने पहुंची तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेश साहू उर्फ निक्की उर्फ बाला पिता धनीराम साहू उम्र 24 वर्ष, निवासी डीपूपारा तालाब के पास तारबाहर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और हथियार लेकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों में भय पैदा करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।