दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से चोरी करने वाला आरोपी और नाबालिग पकड़ा गया

छग

Update: 2026-06-13 16:25 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर में दुर्घटनाग्रस्त खड़ी स्कॉर्पियो वाहन से चोरी करने वाले एक आरोपी और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने वाहन में रखे नगदी, कपड़े, गहने और अन्य सामान चोरी किया था। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रखर त्रिवेदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 7-8 जून 2026 की रात अपनी स्कॉर्पियो से शादी की खरीदारी कर लौट रहा था। जलगृह मार्ग स्थित दुर्गा चौक के पास वाहन डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उनकी बहन घायल हो गई। घायल को अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने वाहन सड़क किनारे लॉक कर खड़ा किया था।
जब प्रार्थी अस्पताल से वापस आया तो पाया कि स्कॉर्पियो का लॉक टूटा हुआ है और उसमें रखे सामान गायब हैं। चोरी किए गए सामान में 40,000 रुपये नगद, एक सोने की चेन, 19 जोड़ी नए कपड़े, दो जोड़ी जूते, वाहन का साउंड सिस्टम, पर्स और आरसी कार्ड शामिल थे। घटना के बाद थाना टिकरापारा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 514/26 धारा 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) ने तत्काल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच के दौरान आरोपी मोहित पुसाम और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 13 जोड़ी नए कपड़े, जूते, चप्पल और एक पर्स बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित पुसाम, उम्र 24 वर्ष, निवासी परसवाड़ा, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर के दुर्गा चौक आरडीए कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था। वहीं दूसरे आरोपी को विधि के साथ संघर्षरत बालक के रूप में बताया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी किए गए बाकी सामान कहां बेचे या छिपाए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि शहर में इस तरह की घटनाओं पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Tags:    

Similar News