Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 40 नग नशीली टेबलेट बरामद की गई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी अभियान के तहत 7 जून 2026 को सूचना मिली कि गांधी उद्यान, दुर्गा नगर, केनाल रोड क्षेत्र में दो व्यक्ति नशीली टेबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने जब दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली तो उनके पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मीर कुरैशी उर्फ विक्की (38 वर्ष), निवासी गोविंद नगर राजातालाब, थाना सिविल लाइन रायपुर और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। दोनों के कब्जे से कुल 40 नग नशीली टेबलेट जप्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 318/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि नशीली टेबलेट कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों को बेचा जाना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। खासकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। बरामद नशीली टेबलेट के स्रोत और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।