Ambikapur. अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कोल व्यवसायी से करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने स्टील कारोबारी को गिरफ्तार किया है। दोनों कारोबारियों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
कारोबार के लिए मांगे थे पैसे
जानकारी के अनुसार, जय हनुमान कोलडिपो, मारुति मिनरल्स और जय हनुमान रोड लाइंस फर्म के संचालक राहुल गोयल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल से उनका पुराना परिचय था। आरोपी ने कारोबार में आर्थिक जरूरत बताते हुए उनसे पैसे मांगे थे। राहुल गोयल के अनुसार, 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच अलग-अलग फर्मों के माध्यम से कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपए दिए गए थे।
रकम वापसी को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, सुजीत जायसवाल ने जय हनुमान कोलडिपो के खाते में 1 करोड़ 78 लाख रुपए और मारुति मिनरल्स के खाते में 94 लाख रुपए वापस किए थे। इसके बाद करीब 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपए की राशि बकाया रह गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस रकम के बदले आरोपी ने उत्तर प्रदेश के दुद्धी स्थित आश्रम मोड़ में जमीन खरीदने और उसकी रजिस्ट्री राहुल गोयल के नाम कराने का भरोसा दिया था। इसके साथ ही वहां धर्मकांटा स्थापित करने की बात भी कही गई थी।
जमीन और धर्मकांटा पर खर्च का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी के कहने पर 5 से 11 मार्च 2022 के बीच जमीन पर आहाता और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के लिए करीब 26 लाख रुपए खर्च किए गए। इसके अलावा 12 जुलाई 2022 को करीब 5 लाख 48 हजार 700 रुपए खर्च कर धर्मकांटा भी खरीदा गया। राहुल गोयल का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद जब उन्होंने बकाया रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री कराने और धर्मकांटा वापस करने से इनकार कर दिया।
धमकी देने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि रकम मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और 24 मार्च 2026 को फोन पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। इसके बाद राहुल गोयल ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने दर्ज किया था मामला
राहुल गोयल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 12 जून 2026 को आरोपी सुजीत जायसवाल के खिलाफ धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
गुदरी चौक से हुई गिरफ्तारी
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कोतवाली पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। इसी दौरान पुलिस ने गुदरी चौक क्षेत्र से सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।