Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने मिलकर एक व्यक्ति के साथ जमकर मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना ग्राम मुजगहन चौकी पिनकापार क्षेत्र की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम मुजगहन का निवासी है और कक्षा 10वीं तक पढ़ा-लिखा है। वह मजदूरी का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। पीड़ित के अनुसार गांव में उसका दो मंजिला मकान है, जहां नीचे वाले हिस्से में वह अपने छोटे भाई भूपेंद्र कुमार लेडिया और अपने बेटे के साथ रहता है। वहीं मकान की ऊपरी मंजिल पर एक कमरे में उसके पिता लाल सिंह लेडिया रहते हैं, जबकि दूसरे कमरे में किराएदार का परिवार निवास करता है।
पीड़ित ने बताया कि 14 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने पिता से मिलने के लिए ऊपर वाले कमरे की ओर गया था। उसे लगा कि गांव का झुम्मन लाल सिन्हा उसके पिता से मिलने आया होगा, इसी वजह से वह ऊपर गया। हालांकि वहां झुम्मन लाल सिन्हा मौजूद नहीं मिला। इसके बाद वह वापस नीचे उतरने लगा। शिकायत के अनुसार जैसे ही वह सीढ़ियों से नीचे आ रहा था, उसी समय ग्राम सिर्राभाठा निवासी मिथुन उर्फ मिलाप कुमार बघेल और उसका साथी करमतरा निवासी ओमेश कुमार साहू सीढ़ियों से ऊपर चढ़ रहे थे। आरोप है कि दोनों युवक उस समय आपस में जोर-जोर से अश्लील गाली-गलौज कर रहे थे।
पीड़ित ने जब दोनों को गाली-गलौज करने से मना किया तो वे भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसे अपशब्द कहते हुए धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान पीड़ित के नाक, मुंह और दाहिने कंधे पर चोटें आई हैं। पीड़ित के मुताबिक घटना के दौरान उसका छोटा भाई भूपेंद्र लेडिया मौके पर पहुंच गया और बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद को शांत कराया। इस दौरान घर में मौजूद उसके पिता लाल सिंह लेडिया और आसपास के कुछ लोगों ने भी घटना को देखा और सुना।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों द्वारा मां-बहन की अश्लील गालियां देने से उसे और आसपास के लोगों को काफी बुरा लगा। साथ ही आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह काफी डर और दहशत में है। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।