यातायात व्यवस्था सुधार के लिए दो माह की विशेष कार्ययोजना, प्रमुख मार्ग होंगे नो-वेंडर और पार्किंग फ्री

छग

Update: 2026-02-16 17:12 GMT
Raipur. रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर श्री विश्वदीप ने 02 माह की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसे प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आज पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त एवं ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के सभी प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात दबाव कम करना और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना था।

बैठक में तय किए गए प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:
शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध रूप से ठेले/खोमचे या अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
प्रमुख तिराहा-चौराहा से सभी दिशाओं में 50-50 मीटर की नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू किया जाएगा।
रिंग रोड नम्बर 01 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी।
प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग की जाएगी ताकि यातायात संचालन अधिक सुव्यवस्थित रहे।
ऑटोमैटिक सिग्नल युक्त तिराहा-चौराहों पर कांक्रीट ब्लॉक रखकर लेफ्ट टर्न फ्री किया जाएगा, जिससे यातायात का प्रवाह निर्बाध बना रहे।
बाजार क्षेत्र को ठेला/खोमचा मुक्त करने हेतु नवीन वेण्डर जोन निर्धारित किए जाएंगे।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रमुख मार्गों को नो-वेंडर और पार्किंग फ्री जोन घोषित किया गया है। इस योजना के तहत मुख्य सड़कों पर अवैध ठेले-गुमटी और अनियंत्रित पार्किंग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित होंगे। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम कमिश्नर श्री विश्वदीप ने बताया कि अभियान के तहत सभी प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी इस पर सतत निगाह रखेगी ताकि कोई पुनः अतिक्रमण न कर सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम यातायात व्यवस्था के सुगम संचालन में रायपुर पुलिस का हर संभव सहयोग करेगा।

विशेष ध्यान रिंग रोड नम्बर 01 पर दिया गया है। टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक पार्किंग मुक्त क्षेत्र में खड़े वाहनों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार क्रेन और टोइंग की कार्रवाई की जाएगी।इस योजना से रायपुर शहर की यातायात प्रणाली अधिक व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनेगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नो-पार्किंग और नो-वेंडर जोन का पालन करें, ताकि शहर में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके।
Tags:    

Similar News