तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, देखें भयानक VIDEO...

छग

Update: 2025-11-15 13:58 GMT
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर एक युवा की जान ले ली। अकलतरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार निकेश टंडन (22) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरा हादसा पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसमें ट्रक की तेज रफ्तार और टक्कर के बाद बाइक सवारों के सड़क पर गिरने का दृश्य साफ दिखाई देता है। घटना 13 नवंबर की शाम ग्राम खिसोरा के पास हुई, जब निकेश टंडन अपनी बाइक से युवती के साथ कहीं जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निकेश का सिर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।


स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने निकेश को बचा नहीं सके और उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल युवती का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। निकेश की मौत की खबर से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अगले दिन सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार के सदस्य इकट्ठा हुए और युवक के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। वे 20 लाख रुपए मुआवजा और सड़क पर भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी और थाना प्रभारी भास्कर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लगातार समझाइश देने के बावजूद परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों पर डटे रहे। उनका कहना था कि खिसोरा के पास लगातार तेज रफ्तार वाहनों का खतरा बना रहता है और यहां कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लागू किया जाना चाहिए। लगभग दो घंटे की बातचीत और समझाइश के बाद प्रशासन ने मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिवार को ट्रक मालिक की ओर से 3.75 लाख रुपए, जबकि प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कुल 4 लाख रुपए मुआवजा दिए जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित नहीं की गई और सड़क सुरक्षा के उपाय नहीं बढ़ाए गए, तो भविष्य में और बड़े आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने सड़क पर स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, और पुलिस गश्त की भी मांग रखी। हादसे के बाद पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और धारा 304-A के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही और व्यवस्थाओं की कमी की ओर इशारा करता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्थानीय प्रशासन सड़क पर भारी वाहनों को नियंत्रित नहीं करेगा, ऐसे हादसे रुक नहीं पाएंगे।
Tags:    

Similar News