Raigarh. रायगढ़। महिलाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रायगढ़ स्टेडियम, बोईरदादर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई महिला खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दो आयु वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 280 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत रायगढ़ की अध्यक्ष सुजाता चौहान द्वारा भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सुजाता चौहान ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि इससे आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के लिए इस प्रकार के आयोजन को सराहनीय बताते हुए कहा कि रायगढ़ की बेटियां खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गवेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार सामान्य है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है खेल भावना। खेल हमें अनुशासन, धैर्य, परिश्रम और आत्मविश्वास सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जीत या हार से कहीं अधिक मूल्यवान आपका समर्पण और जज्बा है। समापन अवसर पर उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 18 वर्ष एवं 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग में किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स (100 मीटर, 400 मीटर दौड़, तवा फेंक), खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी, कुश्ती, बास्केटबॉल, फुटबॉल एवं वेटलिफ्टिंग जैसे विभिन्न खेल शामिल रहे। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उच्च स्तर की खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ (9–18 वर्ष) में मुस्कान (रायगढ़) ने प्रथम, रीना सिदार (धरमजयगढ़) ने द्वितीय एवं विनिता सरल (पुसौर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ (18–35 वर्ष) में पूर्णिमा चौहान (पुसौर) प्रथम, सुहानी साहू (रायगढ़) द्वितीय एवं पूजा नागवंशी (लैलूंगा) तृतीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में भी विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं तवा फेंक, कुश्ती और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम स्पर्धाओं में बास्केटबॉल, रस्साकसी, हॉकी, फुटबॉल, खो-खो और वॉलीबॉल में विभिन्न विकासखंडों की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता एवं उपविजेता स्थान प्राप्त किए। प्रतियोगिता के दौरान खेल मैदान में अनुशासन, आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सुकलाल चौहान, पूनम सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, सहायक क्रीड़ा अधिकारी जीवनलाल नायक, व्यायाम शिक्षक जितेष्वर प्रधान, शम्मी पुरसेठ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में खेल विभाग एवं आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा।