एक कॉल ने बचाई जिंदगी, पेड़ पर फंदा लगाने पहुंचे युवक को पुलिस ने बचाया
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील प्रयास से एक व्यक्ति की जान बच गई। पुलिस चौकी चिचोला को सूचना मिली कि एक व्यक्ति आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की और मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी चिचोला में फोन कर बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। मामले से पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरीनंदन नायक को अवगत कराया गया। अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
साइबर सेल की मदद से मिली लोकेशन
पुलिस चौकी चिचोला प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव के नेतृत्व में आरक्षक गजेंद्र भारद्वाज और रमेश कतलाम मौके के लिए रवाना हुए। शुरुआत में युवक अपनी सही लोकेशन नहीं बता पा रहा था, जिससे पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई। इसके बाद साइबर सेल की मदद ली गई और तकनीकी माध्यम से युवक की लोकेशन का पता लगाया गया। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पेड़ पर चढ़कर कर रहा था आत्महत्या का प्रयास
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि करीब 45 से 50 वर्ष का एक व्यक्ति पेड़ पर चढ़ा हुआ था और उसने गले में गमछा लपेट रखा था। वह फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवक से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद युवक शांत हुआ और पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद युवक को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
पारिवारिक विवाद के कारण उठाया कदम
पुलिस पूछताछ में प्रारंभिक रूप से सामने आया कि पारिवारिक विवादों के कारण युवक मानसिक तनाव में था और उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिस ने समय पर पहुंचकर बड़ी अनहोनी को टाल दिया। यदि पुलिस मौके पर समय से नहीं पहुंचती तो गंभीर घटना हो सकती थी।
पुलिस टीम के प्रयास की सराहना
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस चौकी चिचोला प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, आरक्षक गजेंद्र भारद्वाज, रमेश कतलाम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में आत्मघाती कदम न उठाएं और परेशानी की स्थिति में परिवार, मित्रों या पुलिस से सहायता लें।