NH-30 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से भालू की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

छग

Update: 2026-01-21 14:03 GMT
Jagdalpur. जगदलपुर। बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मेटावाड़ा के पास एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से एक भालू की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता जताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग को सूचना दी कि सडक़ पार कर रहे एक भालू को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने
टक्कर
मार दी है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने देखा कि भालू की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। प्राथमिक जांच में टक्कर तेज रफ्तार वाहन से होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग के एसडीओ देव लाल दुग्गा ने बताया कि घटनास्थल से वाहन के कुछ टूटे हुए हिस्से बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। एसडीओ ने बताया कि भालू के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
वन विभाग
द्वारा संपन्न कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि वाहन चालक की पहचान होती है, तो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एनएच-30 के आसपास वन क्षेत्र होने के कारण अक्सर वन्यजीव सडक़ पार करते हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वन क्षेत्र से गुजरते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सतर्कता बरतें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Tags:    

Similar News