16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने घर में लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा SORRY मम्मी-पापा

छग

Update: 2026-01-02 16:39 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किशोरी ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर स्थित बौद्ध कुटीर के पास का बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान निष्ठा गोस्वामी (16 वर्ष) के रूप में हुई है। शुक्रवार शाम निष्ठा अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती हुई पाई गई। परिजनों ने जब उसे आवाज दी और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला, जहां निष्ठा को फंदे से लटका हुआ देखा गया। घटना से घबराए परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना मोहन नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मर्चुरी भिजवाया गया।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में केवल “सॉरी मम्मी-पापा” लिखा हुआ है। किशोरी ने अपने इस कदम के लिए माता-पिता से माफी मांगी है, लेकिन उसने आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया है। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की भी जांच की जा रही है ताकि यह पुष्टि की जा सके कि नोट स्वयं किशोरी द्वारा लिखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निष्ठा किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक दबाव, पढ़ाई से जुड़े तनाव या किसी अन्य समस्या से गुजर रही थी या नहीं।
Tags:    

Similar News