आवारा मवेशियों को लेकर खूनी विवाद, ग्रामीण की मौत मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में आवारा पशुओं को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फसल नुकसान को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडे और मुक्कों से किए गए प्राणघातक हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मामले में मस्तूरी थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लिमतरा के कुछ ग्रामीण अपनी धान की फसल की सुरक्षा के लिए खेतों की निगरानी कर रहे थे। इस दौरान फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीणों ने वहां से भगाया और उन्हें ग्राम रलिया की ओर भारतमाला सड़क के पास छोड़कर वापस लौट रहे थे। बताया गया कि 20 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे जब ग्रामीण वापस लौट रहे थे, तभी ग्राम रलिया भारतमाला रोड पुल के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने ग्रामीणों पर मवेशियों को अपनी तरफ लाने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और लाठी-डंडे तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया गया।
इस हमले में ग्राम लिमतरा निवासी उमेश बरगाह, मुंडूल केंवट और जीवन मेहर सहित अन्य लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सात आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गजानंद पटेल (35), अजय चंद्राकर (28), अश्विनी पटेल (22), आलोक सिदार (18), कोमल चंद्राकर (22), लोमस चंद्राकर (19) और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू (29) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम रलिया थाना मस्तूरी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 BNS के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।