48वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल योगा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

छग

Update: 2025-06-26 16:18 GMT
Raipur. रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के तत्वावधान में आयोजित 48वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) योगा प्रतियोगिता-2025 का शुभारंभ 26 जून 2025 को डब्ल्यूआरएस रेलवे कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में हुआ। यह प्रतियोगिता 26 जून से 28 जून 2025 तक चलेगी, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल की 14 टीमों के 65 बल सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद जी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान उन्हें कार्यक्रम का प्रतीक बैज लगाया गया और पारंपरिक टोपी पहनाकर स्वागत किया गया।
आयोजन में वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार, सहायक सुरक्षा आयुक्त वी.के. लांजीवार, सहायक सुरक्षा आयुक्त संदीप डी. खिरटकर सहित रेलवे के अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और स्वस्थ जीवनशैली में योग के महत्व को रेखांकित किया।
योग से अनुशासन और मानसिक मजबूती
अपने उद्घाटन संबोधन में मुख्य अतिथि दयानंद ने कहा कि "योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, मानसिक संतुलन और अनुशासन का एक मार्ग है, जो RPF जैसे बल के लिए अत्यंत उपयोगी है।" उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल बल के जवानों के स्वास्थ्य को सशक्त करती हैं, बल्कि उनमें मन, मस्तिष्क और शरीर का सामंजस्य भी स्थापित करती हैं।
3 दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न योग आसनों की प्रस्तुति
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी योग की विभिन्न श्रेणियों में व्यक्तिगत, समूह और सामूहिक प्रदर्शन करेंगे। योग प्रदर्शन की गुणवत्ता, अनुशासन, संतुलन और सामूहिक समन्वय के आधार पर विजेता टीमों का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न रेलवे ज़ोन से आई टीमों में उत्साह का माहौल है। सभी टीमों ने आयोजन स्थल पर अपने अभ्यास शुरू कर दिए हैं।
Tags:    

Similar News