Durg. दुर्ग। थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने बीमा पॉलिसी में अधिक लाभ और इलेक्ट्रॉनिक सामान में निवेश का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संतोष कुमार निवासी भिलाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी की परिपक्वता के बाद वह सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय गया था। वहीं आरोपी के. देवासहायम ने स्वयं को बीमा एजेंट बताकर उससे संपर्क किया और अधिक लाभ वाली पॉलिसी का लालच देकर विश्वास में ले लिया।
आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिवार के नाम पर बीमा कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 31 लाख 30 हजार रुपये वसूल लिए। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदकर उसे बाजार में बेचकर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लगभग 7 लाख रुपये के सामान की खरीद भी कराई गई। इस तरह कुल 38 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के अनुसार, जब प्रार्थी ने बीमा से जुड़े दस्तावेज और लाभ की जानकारी मांगी तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस जांच में आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद के. रवि कुमार (29 वर्ष) और के. राजेश कुमार (26 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई और वर्तमान पता सेक्टर-07 भिलाई को गिरफ्तार किया गया। दोनों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, चेक और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बीमा या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संस्था और एजेंट की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।