सरगांव के पास सड़क हादसे में घायल 20 वर्षीय युवक की मौत

छग

Update: 2026-05-17 16:47 GMT
Takhatpur. तखतपुर। सरगांव के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक पिछले 10 दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार ब्लॉक कॉलोनी तखतपुर निवासी राज श्रीवास पिता बबलू श्रीवास (20 वर्ष) पेशे से बाउंसर का काम करता था। वह अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। करीब 10 दिन पहले वह दुपहिया वाहन से कहीं जा रहा था, तभी सरगांव के पास सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया।

हादसा इतना गंभीर था कि उसके सिर में गहरी चोटें आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। लगातार इलाज के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और वह जिंदगी की जंग हार गया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है और परिवार को सांत्वना दी है। इलाके में इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि सरगांव क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जा रही है। प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण मजबूत करने की मांग की जा रही है।
Tags:    

Similar News