Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर के मध्य स्थित घंटाघर मैदान में करीब 100 फीट ऊंचे हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट के खंभे को शिफ्ट करने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और खंभा जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान खंभे को उठाने में लगी हाइड्रा मशीन भी पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में मशीन का ड्राइवर और आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। घटना के समय मैदान में कुछ लोग आगामी कार्यक्रम के लिए पंडाल तैयार कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की ओर से घंटाघर मैदान में हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान के दौरान यह खंभा हिलने लगा था। इससे आसपास के लोगों के लिए खतरे की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए खंभे को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया था।
खंभा उठाते समय बिगड़ा हाइड्रा मशीन का संतुलन
खंभे को शिफ्ट करने के लिए पास में दूसरा स्ट्रक्चर तैयार किया गया था। पहले पुराने खंभे पर लगी लाइटों को नीचे उतारा गया। इसके बाद करीब 100 फीट ऊंचे खंभे को हाइड्रा मशीन की मदद से उठाकर दूसरे स्ट्रक्चर पर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान अचानक मशीन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते भारी खंभा अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़ा। खंभे के साथ उसे उठाने में लगी हाइड्रा मशीन भी पलट गई। हालांकि, इस दुर्घटना में मशीन चालक सुरक्षित बच गया।
पंडाल तैयार कर रहे लोग बाल-बाल बचे
घटना के समय घंटाघर मैदान में आगामी कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। कुछ लोग मैदान में पंडाल लगाने का काम कर रहे थे। इसी बीच हाई मास्ट लाइट का खंभा अचानक गिर गया। राहत की बात यह रही कि खंभे की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। हाइड्रा मशीन का ड्राइवर भी सुरक्षित बच गया। मैदान में मौजूद अन्य लोगों को भी कोई चोट नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि खंभा दूसरी दिशा में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। जिस स्थान पर खंभा शिफ्ट किया जा रहा था, उसके आसपास पंडाल तैयार करने का काम चल रहा था।
आंधी-तूफान के बाद खंभे को शिफ्ट करने का फैसला
बताया जा रहा है कि घंटाघर मैदान में लगा हाई मास्ट स्ट्रीट लाइट का खंभा आंधी-तूफान के दौरान हिलने लगा था। इससे उसके गिरने की आशंका बनी हुई थी। इसी कारण नगर निगम ने पास में दूसरा स्ट्रक्चर तैयार करवाया था, ताकि खंभे को वहां शिफ्ट किया जा सके। लेकिन शिफ्टिंग के दौरान ही खंभा गिर गया और हाइड्रा मशीन पलट गई। इस घटना ने भारी खंभों को उठाने और शिफ्ट करने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। खंभा गिरने और हाइड्रा मशीन पलटने से हुए नुकसान का विस्तृत विवरण भी सामने नहीं आया है।