रिहायशी इलाके में घुसा 10 फीट लंबा अजगर, ग्रामीणों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

छग

Update: 2026-07-04 15:39 GMT
Dhamtari. धमतरी। धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र के मराठा पारा में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई जब एक विशालकाय अजगर रिहायशी इलाके में आ गया। करीब 10 फीट लंबे और लगभग 15 किलो वजनी इस अजगर को सड़क पर देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हालांकि ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू कर लिया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, मराठा पारा की सड़क पर अचानक विशाल अजगर दिखाई दिया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ समय के लिए इलाके में आवाजाही भी प्रभावित रही और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के दौरान ग्रामीणों ने किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती और वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने के बजाय सुरक्षित तरीके से उसे पकड़ने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद अजगर को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। इसके बाद अजगर को वाहन के माध्यम से उसके प्राकृतिक आवास तक ले जाया गया और सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

घटना के बाद इलाके में अजगर की चर्चा बनी रही। स्थानीय लोगों ने ग्रामीणों की सूझबूझ की सराहना की। बरसात के मौसम में अक्सर भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में अजगर और अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। इस कारण ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वन्यजीव के दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाएं। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
Tags:    

Similar News