Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur. मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के चिरमिरी शहर में पुलिस ने अवैध नशे, जुआ और सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नए थाना प्रभारी विजय सिंह के पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद की गई, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि चिरमिरी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ, जुआ और सट्टा कारोबार फिर से पांव पसार रहा है। इस पर थाना प्रभारी विजय सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए पुराने रिकॉर्ड वाले अपराधियों की पहचान की और पुलिस टीमों को विभिन्न इलाकों में दबिश देने भेजा। पुलिस ने छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से क्षेत्र में नशे की दवाओं, इंजेक्शन, शराब और जुआ-सट्टा गतिविधियों में शामिल थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई का सबसे खास और सख्त कदम यह रहा कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस भी निकाला। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से “नशा का कारोबार करना अपराध है, पुलिस हमारे बाप है” जैसे नारे लगवाए। यह संदेश देने की कोशिश की गई कि पुलिस किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शेगी नहीं और समाज को नशे से मुक्त करने के लिए कठोर कदम उठाएगी। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में पुलिस नशीली दवा, शराब, सट्टा और जुआ के नेटवर्क पर और भी सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा “हमने क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों की सूची तैयार कर ली है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की नजर हर गली और मोहल्ले पर है।” पुलिस के इस सख्त अभियान से इलाके में नशे और जुए के कारोबारियों में खौफ का माहौल है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने चिरमिरी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अपराधों में कमी आएगी। चिरमिरी थाना पुलिस ने बताया कि आने वाले समय में ‘ऑपरेशन क्लीन चिरमिरी’ के तहत निरंतर अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर को नशे और अवैध कारोबार से मुक्त किया जा सके।
Tags: