Lakhisarai। नगर परिषद उपसभापति शिव शंकर राम ने एक पत्र जारी कर नगर परिषद लखीसराय पर माननीय उच्च न्यायालय पटना में दायर एलपीए 426 / 2025 की निर्णय आने तक सिद्धिदात्री इंटरप्राइजेज को मिथिला पेंटिंग कराए जाने का विपत्र भुगतान किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है । नगर कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार को सौंप पत्र में उपसभापति शिव शंकर राम ने कहा है कि बिना विज्ञापन के मिथिला पेंटिंग का कार्य 80 लाख रुपए में कराए गए थे। जिसके तहत सिद्धिदात्री इंटरप्राइजेज द्वारा माननीय उच्च न्यायालय पटना में दायर सीडब्ल्यूजेसी 13252/2024 परिवाद दायर किया गया था। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के पारित आदेश के आलोक में संबंधित कार्य एजेंसी को विपत्र भुगतान किए जाने को लेकर नगर परिषद सशक्त स्थाई समिति की ओर से बहुमत से निर्णय लिया गया। बावजूद इन मामलों पर दायर की गई एलपीए -426/2025 के निर्णय आने की प्रतीक्षा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जिसकी सूचना इस पत्र के माध्यम से संबंधित कार्यालय को सौंप दी गई है । बावजूद सशक्त स्थाई समिति की ओर से बिना एजेंडा का सीड्ब्लूजेसी 13252 / 2024 में माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर भुगतान करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया एवं उक्त बैठक में दायर एलपीए के निर्णय की कोई प्रतीक्षा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बैठक में मेरी बातों को बहुमत से खारिज कर दिया गया। इसके अलावा यह भी सूचना प्राप्त हुई कि कार्यालय द्वारा चार सदस्यों की समिति बनाकर भ्रामक कार्य प्रतिवेदन तैयार कर कागजातों के सत्यापन कर विपत्र भुगतान करने की कार्रवाई की गई । इस बीच उपसभापति ने नगर परिषद से दायर एलपीए सं0- 426 2025 का निर्णय आने तक नगर परिषद से संबंधित कार्य एजेंसी के विपत्र भुगतान किए जाने पर रोक लगाए जाने की मांग की हैं।
Tags: