दुष्कर्म का आरोपी पुलिस को चकमा देकर, हथकड़ी समेत थाने से हो गया फरार

Update: 2023-01-01 12:44 GMT
बिहार के सारण जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार बदमाश एकमा थाना हाजत से हथकड़ी के साथ शुक्रवार की देर रात में फरार हो गया। गजब की बात तो यह है कि पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। आरोपी के फरार होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए अब पुलिस छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एकमा थाना क्षेत्र के राजापुर टोला निवासी रामबाबू यादव को पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके साथ एक अन्य आरोपित को भी हिरासत में लिया था, जिसके बाद इन दोनों आरोपितों को लॉकअप में ही बंद कर दिया गया था। ऐसा बताया जा रहा है कि शौच जाने के बहाने आरोपित रामबाबू यादव हथकड़ी के साथ थाने से बाहर निकला और इसी बीच पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी के साथ ही फरार हो गया। आरोपित के भाग जाने की जानकारी मिलते ही एकमा थानेदार को हुई तो पुलिस की टीम ने आसपास के इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि शनिवार की सुबह तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले को देखते हुए एकमा थानेदार ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तेजी से तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही बताया कि एक अन्य आरोपित थाने में ही है। पुलिस द्वारा उसकी निगरानी की जा रही है। आज उसे कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया जाएगा।

Similar News

-->