BJP और RSS के खिलाफ तेजस्वी का कड़ा रुख

Update: 2026-07-01 11:16 GMT

Bihar: पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और NDA सरकार व भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वह अंतिम सांस तक BJP और RSS की विचारधारा के खिलाफ लड़ते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए संचालित हो रही है और राज्य में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का खजाना खाली बताया जा रहा है, कर्मचारियों के वेतन और विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं है। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस 5 जुलाई को है, लेकिन इस बार कार्यक्रम पहले शुरू किया गया है और चार दिनों तक जिला स्तर पर आयोजन होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की अपील की और कहा कि केवल भीड़ जुटाने से चुनाव नहीं जीते जाते।

सरकारी आवास विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके परिवार को नियमों के तहत आवास मिला है और इसमें कोई अनियमितता नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे सर्वेंट क्वार्टर में पैदा हुए हैं और साधारण जीवन जीने में कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी में टिकट या सीट को लेकर किसी भी तरह की गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। तेजस्वी ने कहा कि RJD एक परिवार की तरह है और संगठन सर्वोपरि है।

अपने भाषण में उन्होंने कथित रिशु श्री घोटाले का भी जिक्र किया और सरकार पर जांच में ढिलाई का आरोप लगाया। तेजस्वी ने दोहराया कि वह अंतिम सांस तक BJP और RSS से लड़ते रहेंगे और RJD बिहार की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है। इससे पहले लालू प्रसाद यादव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा।

Tags:    

Similar News