SSP को अब मिलेगा अधिक प्रशासनिक नियंत्रण

Update: 2026-07-04 13:34 GMT

बिहार: पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य के कई बड़े जिलों में अब पुलिस अधीक्षक (SP) पद को अपग्रेड कर सीनियर पुलिस अधीक्षक (SSP) कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत समस्तीपुर, मधुबनी, वैशाली, सीवान और पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में अब SSP स्तर के अधिकारी कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। पहले इन जिलों में SP स्तर के अधिकारी तैनात थे, लेकिन बढ़ते अपराध, जनसंख्या और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे इन जिलों में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने की कोशिश की गई है।

इसके साथ ही ग्रामीण SP (Rural SP) के कार्यक्षेत्र भी तय कर दिए गए हैं ताकि एक ही जिले में दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच किसी प्रकार का भ्रम या टकराव न हो। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि जिम्मेदारियों के स्पष्ट बंटवारे से प्रशासनिक कार्य अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होंगे। नए आदेश के अनुसार पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में ग्रामीण SP के अधीन सिकरहना, पकड़ीदयाल और रक्सौल अनुमंडल के थानों को रखा गया है। जबकि अरेराज और चकिया अनुमंडल के मामलों की निगरानी सीधे SSP स्तर से होगी।

समस्तीपुर में ग्रामीण SP रोसड़ा, दलसिंहसराय और पटोरी अनुमंडल के थानों की देखरेख करेंगे। मधुबनी में झंझारपुर, बेनीपट्टी, जयनगर और फुलपरास अनुमंडल ग्रामीण SP के अधीन होंगे। इसी तरह वैशाली जिले में भी ग्रामीण SP को अलग-अलग अनुमंडलों की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इस बदलाव से अपराध नियंत्रण, जांच प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही आम जनता को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा मिलने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि इस नई संरचना से जिलों में पुलिसिंग प्रणाली और अधिक मजबूत होगी और प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Tags:    

Similar News