आरा। भोजपुर में एक बक्सर निवासी सिपाही की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। मृतक बक्सर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव निवासी कवलेश्वर राय का 37 वर्षीय पुत्र रामदुलार राय है। वह बिहार पुलिस में सिपाही था एवं वर्तमान में रोहतास जिला के सासाराम में स्थित न्यायालय में पदस्थापित था।
इधर मृतक सिपाही के भतीजे रविन्द्र कुमार राय ने बताया कि वह पुलिस विभाग में है एवं वर्तमान में सासाराम न्यायालय में कार्यरत है। उसने बताया कि दो दिन पूर्व घर के लोगों से उनसे बात हुई थी। गुरुवार को वह सासाराम से आरा अपने विभागीय काम से आए थे और आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के क्षत्रिया स्कूल में अपने साथी जवानों के साथ रात में ठहर गए थे।
इसी बीच मध्य रात्रि करीब ढाई बजे उनके पेट में अचानक दर्द उठा। इसके बाद उनके साथ रहे साथी जवानों द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में उन्होंने दम तोड़ दिया। उसके बाद उनके साथी जवानों द्वारा फोन कर इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन शुक्रवार को आरा सदर अस्पताल पहुंचे।
जिसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। बताया जाता है कि मृतक जवान रामदुलार राय की शादी वर्ष 1999 में हुई थी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक जवान की परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।