Bihar:सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी और तेज धूप ने एक जान ले ली। साहपुर मिश्रौली गांव के मुख्य सड़क पर साइकिल से घर लौट रहे 48 वर्षीय संजय सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
रामपुर बाजार से लौटते समय बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, हंसुआ गांव निवासी संजय सिंह उत्तर प्रदेश के रामपुर बाजार किसी काम से गए थे। दोपहर में तेज धूप के बीच वे साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में साहपुर मिश्रौली के पास अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर ही तोड़ा दम, लोगों में अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम से इनकार
सूचना मिलने पर नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा बनाकर शव उन्हें सौंप दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय मुखिया ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।