Bihar: नालंदा जिले के बिहारशरीफ भरावपर इलाके से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के दो सगे भाई-बहन ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह बनाई है। मेडिकल स्टोर चलाने वाले कुमुद कुमार के पुत्र शुभांकर राज और पुत्री शिवांगी का चयन उप राज्य कर आयुक्त (Assistant State Tax Commissioner) पद पर हुआ है। इस सफलता के बाद पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और लोगों में मिठाइयां बांटी जा रही हैं।
शुभांकर राज ने 514वीं रैंक हासिल की है। उनकी शुरुआती शिक्षा बिहारशरीफ के निजी स्कूलों से हुई। इसके बाद उन्होंने मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई अलग-अलग स्कूलों से पूरी की और 2018 में जीडीएम कॉलेज, हरनौत से स्नातक किया। स्नातक के बाद उन्होंने 2023 से BPSC की तैयारी शुरू की। लगातार तीन असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में सफलता हासिल की।
वहीं, उनकी बहन शिवांगी ने 711वीं रैंक प्राप्त कर अपनी मेहनत का परिणाम दिखाया है। उन्होंने डीएवी स्कूल बिहारशरीफ से 10वीं और आरपीएस स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की। इसके बाद उनका चयन पटना के पीएमसीएच में हुआ, जहां से उन्होंने बैचलर ऑफ ऑक्यूपेशनल थेरेपी की डिग्री हासिल की। मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और दूसरे ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली।
इस परिवार की खास बात यह है कि इनके बड़े भाई पहले से ही केंद्र सरकार के एक प्रतिष्ठित विभाग में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इस तरह एक ही घर से तीन-तीन अधिकारी बनकर परिवार ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
दोनों भाई-बहन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता कुमुद कुमार और संगीता देवी के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है। उनका कहना है कि परिवार का साथ और सही दिशा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उनके घर पर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की भीड़ लगी हुई है, जो उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।