सफाई व्यवस्था ठप, बिहार के सभी शहरों में आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे निकाय कर्मचारी

बिहार के नगर निकायों में सफाई व्यवस्था शनिवार को बाधित रहेगी।

Update: 2022-08-27 01:26 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार के नगर निकायों में सफाई व्यवस्था शनिवार को बाधित रहेगी। पटना नगर निगम सहित सभी नगर निकायों के कर्मचारी शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। वहीं, पटना नगर निगम ने हड़ताल से निपटने की तैयारी कर लेने का दावा किया है। नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने चेतावनी दी है कि सफाई कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगमकर्मियों ने मांग का समर्थन करते हुए मौर्यालोक स्थित मुख्यालय में प्रदर्शन भी किया। बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संघर्ष मोर्चा और बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हुए प्रदर्शन में संघ ने नगर निकाय कर्मियों से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है। आंदोलन करने वाले कर्मियों की प्रमुख मांग दैनिक मजदूरों का स्थायीकरण और 18000 -21000 न्यूनतम वेतन करना है। हालांकि, चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ ने बैठक कर खुद को हड़ताल से अलग रखने का फैसला लिया है।
बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संघर्ष मोर्चा और बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने मौर्यालोक परिसर में आयोजित सभा में आरोप लगाए कि कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गई हैं। हड़ताल रोकने की कोई पहल नहीं की गई। इसलिए आंदोलन करना मजबूरी है। उन्होंने कहा कि शनिवार यानी 27 अगस्त से राज्य स्तर पर नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत के कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल में सफाई कर्मचारी, कार्यालय में काम करने वाले कर्मी, जलापूर्ति शाखा के कर्मी सहित सभी कर्मी शामिल रहेंगे
चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ हड़ताल में नहीं है शामिल
पटना नगर निगम चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ के नेताओं ने नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर से मिलकर कर्मचारियों के 9 सूत्री मांगों से अवगत कराया है। वार्ता में संघ के अध्यक्ष डॉ संजय बाल्मीकि, महासचिव नंदकिशोर दास, कोषाध्यक्ष देवराज कुमार ने कहा कि चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ इस हड़ताल में शामिल नहीं है। कुछ लोग अनपढ़ एवं सीधे-साधे सफाई मजदूरों को गुमराह कर जबरन काम बंद कराते हैं, वैसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। सरकार के साथ वार्ता चल रही है। इसलिए सभी सफाई मजदूरों से अपील की है कि किसी के बहकावे में न आएं।
सफाई व्यवस्था ठप की तो कर्मियों पर होगी कार्रवाई:नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि पटना नगर निगम क्षेत्र के सफाई कर्मी हड़ताल का बहिष्कार करें। पटना नगर निगम द्वारा वेतन बढ़ोतरी, स्वास्थ्य सुविधाएं सहित कई मांगों को पूर्व में ही पूरा किया जा चुका है। शहर में अभी डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था को ठप करने पर कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पटना नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा विशेष रूप से हड़ताल में सम्मिलित होने वाले कर्मियों पर नजर रखी जाएगी। नगर आयुक्त द्वारा सभी कर्मियों को यह निर्देश दिया गया है कि वह किसी भी तरह की ऐसी हड़ताल का हिस्सा न बनें। अगर पटना नगर निगम के कर्मी इस हड़ताल में संलिप्त पाए जाते हैं तो उन्हें चिह्नित किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Tags:    

Similar News