Bihar: भोजपुर। शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में भरत तिवारी की मौत के मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर राजद की जांच टीम सोमवार को गांव पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। टीम ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और मामले की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपने की बात कही।
राजद नेता मनोज सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनके बेटे के साथ अन्याय हुआ है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग दोहराई।
भरत तिवारी की मां ने जांच टीम से कहा कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे को जानबूझकर प्रताड़ित किया गया।
जांच टीम ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी की गई है और मानवता को ठेस पहुंची है। टीम ने कहा कि पूरी रिपोर्ट तेजस्वी यादव को सौंपी जाएगी और मामले को गंभीरता से उठाया जाएगा।
टीम ने गांव के लोगों से भी बातचीत की, जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि भरत तिवारी सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे और लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते थे। राजद टीम ने कहा कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को आगे भी उठाया जाएगा।