JHARKHAND: रामगढ़ के गोला प्रखंड के बंदा गांव में शुक्रवार सुबह पुलिस ने नकली शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। एसपी के आदेश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया। मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, पैकिंग सामग्री और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। एक कार भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि बंदा गांव में लंबे समय से नकली शराब तैयार कर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जा रही है। इसके बाद टीम ने सुबह छापेमारी कर फैक्ट्री का खुलासा किया।
वर्षों से चल रहा था अवैध कारोबार
स्थानीय जानकारी के अनुसार, यह कारोबार अशोक साव और अनिल साव के घर से चल रहा था। दोनों पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन धंधा बंद नहीं हुआ। आरोप है कि सप्लाई रजरप्पा मंदिर क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में होती थी।
40 दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि 40 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले भी इलाके में नकली शराब फैक्ट्री पकड़ी जा चुकी है, जिससे नेटवर्क के बड़े होने की आशंका बढ़ी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि शराब किन-किन इलाकों में सप्लाई होती थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।